डॉ. संजीव खुदशाह
हमारा संविधान बड़ा भी है और मजबूत भी। इस पर हमें गर्व करना चाहिए। लेकिन यदि हम केवल यह सोचकर संतुष्ट हो जाएँ कि यह हमारा संविधान है, जिसे डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर तथा 300 से अधिक संविधान सभा के सदस्यों ने तैयार किया है, और फिर कान में रुई डालकर सो जाएँ, तो यह संविधान के साथ सबसे बड़ा धोखा होगा।
आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि वर्ष 2019 तक संविधान में 124 संशोधन किए जा चुके थे। ये संशोधन ऐसे समय में भी किए गए, जब मीडिया किसी दूसरे मामले में जनता का ध्यान भटकाने में व्यस्त थी। इस दौरान कई महत्वपूर्ण संवैधानिक संशोधन हुए, लेकिन आम जनता को उनकी जानकारी तक नहीं हो पाई।
वैसे तो संशोधन की प्रक्रिया में अधिसूचना जारी करने और दावे-आपत्तियाँ आमंत्रित करने जैसी व्यवस्थाएँ होती हैं, लेकिन सवाल यह है कि जब आम नागरिक को इसकी जानकारी ही नहीं होगी, तो वह अपनी आपत्ति कैसे दर्ज कराएगा? मीडिया यदि जनता को वास्तविक मुद्दों से भटकाकर दूसरे विषयों में उलझाए रखे, तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उसकी भागीदारी भी प्रभावित होती है।
संविधान में कई ऐसे संशोधन भी हुए हैं, जिनके प्रभाव और संवैधानिक मूल्यों के साथ उनके संबंध पर गंभीर चर्चा की आवश्यकता है। इसलिए हमें संविधान के प्रति जागरूक और सजग रहने की जरूरत है, ताकि उसकी मूल भावना के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो सके।
डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर प्रारूप समिति के अध्यक्ष थे। संविधान निर्माण से पहले ही उनकी कई महत्वपूर्ण पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी थीं। चाहे वह जाति का उन्मूलन (Annihilation of Caste) हो या अर्थशास्त्र पर लिखी गई उनकी पुस्तक द प्रॉब्लम ऑफ द रुपी (The Problem of the Rupee)। उनके चिंतन और अध्ययन का प्रभाव संविधान निर्माण में भी दिखाई देता है। दुनिया के विभिन्न लोकतांत्रिक देशों की अच्छी व्यवस्थाओं और महत्वपूर्ण सिद्धांतों को भारतीय परिस्थितियों के अनुरूप संविधान में शामिल किया गया।
संविधान निर्माण की प्रक्रिया
संविधान निर्माण की प्रक्रिया को समझना भी बेहद जरूरी है। डॉ. आंबेडकर संविधान सभा की प्रारूप समिति (Drafting Committee) के अध्यक्ष थे। उनका प्रमुख दायित्व संविधान का प्रारूप तैयार करना और उसे संविधान सभा के सामने प्रस्तुत करना था। उस प्रारूप पर चर्चा होती थी, सुझाव और आपत्तियाँ सामने आती थीं तथा आवश्यकतानुसार संशोधन किए जाते थे। इसके बाद बहुमत के आधार पर संविधान की धाराओं को पारित किया जाता था।
संविधान के निर्माण की प्रक्रिया के दौरान कुल 2,473 संशोधन प्रस्तावित किए गए थे। इनमें से अनेक पर विचार-विमर्श हुआ और आवश्यक संशोधनों को स्वीकार किया गया।
संविधान निर्माण के दौरान भूमि संबंधी अधिकारों पर भी गंभीर विचार-विमर्श हुआ। डॉ. आंबेडकर की भूमि संबंधी सोच को एक उदाहरण के माध्यम से समझा जा सकता है। उन्होंने भूमि व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन का विचार प्रस्तुत किया था। उनके विचारों में भूमि पर कुछ गिने-चुने राजाओं, जमींदारों और भूस्वामियों के एकाधिकार को समाप्त करने तथा भूमि के उपयोग को व्यापक सामाजिक हित से जोड़ने की भावना दिखाई देती है।
उस समय संविधान सभा में राजा-महाराजा और जमींदार वर्ग से जुड़े अनेक प्रतिनिधि मौजूद थे। उन्होंने भूमि संबंधी ऐसे प्रस्तावों का विरोध किया। उनका तर्क था कि भूमि उनकी निजी संपत्ति है, जो उन्हें अपने पूर्वजों से प्राप्त हुई है। इस प्रकार भूमि के स्वामित्व और उसके वितरण का प्रश्न संविधान निर्माण के दौरान एक महत्वपूर्ण बहस का विषय बना रहा।
डॉ. आंबेडकर भूमि संबंधी असमानता के भविष्य में होने वाले राजनीतिक परिणामों को लेकर चिंतित थे। उनकी आशंका थी कि यदि भूमि और आर्थिक संसाधनों पर कुछ लोगों का एकाधिकार बना रहा, तो यही संपन्न और शक्तिशाली वर्ग भविष्य में राजनीतिक संस्थाओं पर भी अपना प्रभाव स्थापित कर सकता है।
आज हम अपने आसपास देखते हैं कि अनेक राजनीतिक रूप से प्रभावशाली लोग बड़ी-बड़ी जमीनों के मालिक बनते जा रहे हैं। दूसरी ओर, खेती करने वाला किसान भूमिहीनता और आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। यह स्थिति भूमि के समान वितरण और आर्थिक लोकतंत्र की आवश्यकता को रेखांकित करती है।
बाद में भूमि सुधारों के अंतर्गत सीलिंग एक्ट लागू किया गया। इस कानून के माध्यम से किसी व्यक्ति या परिवार के पास अधिकतम कितनी कृषि भूमि हो सकती है, इसकी सीमा निर्धारित की गई। अलग-अलग राज्यों में यह सीमा अलग-अलग थी।
लेकिन भूमि सुधार कानूनों से बचने के लिए अनेक भूस्वामियों ने तरह-तरह के रास्ते निकाले। जमीनें परिवार के अलग-अलग सदस्यों, नौकर-चाकरों और अन्य लोगों के नाम हस्तांतरित की गईं। इस तरह कानून के उद्देश्य को कमजोर करने के प्रयास हुए। परिणामस्वरूप आज भी भूमि के असमान वितरण का प्रश्न हमारे सामने खड़ा है।
आप पूँजीपतियों की स्थिति भी देख सकते हैं। उनके पास बड़ी मात्रा में जमीन और संसाधन हैं। इसके बावजूद सरकारें औद्योगीकरण और विकास के नाम पर भूमि अधिग्रहण करके उन्हें उपलब्ध कराती हैं। यदि आप सांसद या विधायक नहीं हैं, लेकिन आपके पास पर्याप्त आर्थिक संसाधन और भूमि है, तो राजनीतिक सत्ता तक पहुँच बनाना भी आपके लिए अपेक्षाकृत आसान हो सकता है।
डॉ. आंबेडकर ने संविधान निर्माण के समय ही आर्थिक असमानता और राजनीतिक शक्ति के केंद्रीकरण से उत्पन्न होने वाले खतरों को समझा था।
डॉ. आंबेडकर को प्रारूप समिति का अध्यक्ष क्यों बनाया गया?
डॉ. आंबेडकर को संविधान निर्माण की प्रारूप समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। इसके लिए हमें आभारी होना चाहिए। लेकिन इसका कारण केवल यह नहीं था कि वे स्वयं वंचित समुदाय से आते थे, बल्कि उनका असाधारण ज्ञान, अध्ययन, संवैधानिक समझ और बौद्धिक क्षमता भी इसके पीछे महत्वपूर्ण कारण थे।
उनके वंचित समुदाय से आने का एक विशेष महत्व यह भी था कि इससे संविधान को अधिक लोकतांत्रिक, समावेशी और सामाजिक न्याय की भावना से युक्त बनाने में मदद मिली।
डॉ. आंबेडकर संविधान सभा के समापन भाषण में स्वयं स्वीकार करते हैं—
सभा के सदस्यों और प्रारूप समिति के मेरे सहयोगियों द्वारा मुक्त कंठ से मेरी जो प्रशंसा की गई है, उससे मैं इतना अभिभूत हो गया हूं कि अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए मेरे पास पर्याप्त शब्द नहीं हैं। संविधान सभा में आने के पीछे मेरा उद्देश्य अनुसूचित जातियों के हितों की रक्षा करने से अधिक कुछ नहीं था।
मुझे दूर तक यह कल्पना नहीं थी कि मुझे अधिक उत्तरदायित्वपूर्ण कार्य सौंपा जाएगा। इसीलिए, उस समय मुझे घोर आश्चर्य हुआ, जब सभा ने मुझे प्रारूप समिति के लिए चुन लिया। जब प्रारूप समिति ने मुझे उसका अध्यक्ष निर्वाचित किया तो मेरे लिए यह आश्चर्य से भी परे था। प्रारूप समिति में मेरे मित्र सर अल्लादि कृष्णास्वामी अय्यर जैसे मुझसे भी बड़े, श्रेष्ठतर और अधिक कुशल व्यक्ति थे। मुझ पर इतना विश्वास रखने, मुझे अपना माध्यम बनाने एवं देश की सेवा का अवसर देने के लिए मैं संविधान सभा और प्रारूप समिति का अनुगृहीत हूं।
(संविधान सभा के समापन भाषण से)
यहाँ एक महत्वपूर्ण प्रश्न उठता है कि संविधान सभा ने डॉ. आंबेडकर को ही प्रारूप समिति का अध्यक्ष क्यों चुना?
उस समय देश में समानता, सामाजिक सुधार और अस्पृश्यता उन्मूलन को लेकर एक व्यापक वातावरण बन रहा था। पूना पैक्ट के बाद डॉ. आंबेडकर की राजनीतिक और सामाजिक भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण होकर सामने आई थी। वे वंचितों और अछूतों के अधिकारों के एक प्रमुख प्रतिनिधि के रूप में उभरे थे। उनकी बौद्धिक क्षमता, तार्किकता और संवैधानिक समझ ने उन्हें एक विशिष्ट स्थान दिलाया था।
इसे आप उस समय की सामाजिक परिस्थितियों का प्रभाव कहें या राजनीतिक परिस्थितियों का, लेकिन यह स्पष्ट है कि डॉ. आंबेडकर को प्रारूप समिति का अध्यक्ष बनाना संविधान सभा का एक महत्वपूर्ण निर्णय था। वे इस जिम्मेदारी के लिए सर्वथा योग्य थे। यह भी एक सच्चाई है कि उन्हें यह दायित्व सौंपकर संविधान सभा भारतीय लोकतंत्र की समावेशी भावना को प्रतिष्ठित करना चाहती थी।
संविधान किसके पक्ष में खड़ा है?
संविधान किसके पक्ष में है और किसके हितों की रक्षा करता है, इसे समझने के लिए मैं आपको एक छोटा-सा उदाहरण देना चाहता हूँ।
छत्तीसगढ़ में आदिवासी समुदाय के विधायकों की संख्या काफी अधिक है। इसके बावजूद आदिवासी समुदाय के लोग ही अनेक क्षेत्रों में हिंसा, विस्थापन और दमन का सामना कर रहे हैं। यह स्थिति हमें सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर संविधान किसकी तरफ खड़ा है?
यदि हमारे जनप्रतिनिधि संविधान में दिए गए अधिकारों और शक्तियों का उपयोग वंचित समाज की सुरक्षा के लिए नहीं कर पा रहे हैं, तो संविधान केवल एक किताब बनकर रह जाएगा। ऐसी स्थिति में संवैधानिक व्यवस्था का वास्तविक लाभ उन लोगों तक नहीं पहुँच पाएगा, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है।
आज दलितों, आदिवासियों और पिछड़े वर्गों की जमीनें औद्योगीकरण और विकास के नाम पर अधिग्रहित की जा रही हैं। अनेक मामलों में लोग अपनी जमीन और आजीविका से वंचित हो रहे हैं। जो लोग इसके खिलाफ आवाज उठाते हैं, उन्हें देशद्रोही तक कह दिया जाता है।
संविधान किसी बुकशेल्फ में सजाकर रखने के लिए नहीं है। यह किसी घर की शोभा बढ़ाने या सरकारी कार्यालयों की दीवारों की सजावट के लिए नहीं बना है। संविधान का वास्तविक उद्देश्य भारत के सबसे कमजोर, वंचित और अल्पसंख्यक व्यक्ति के अधिकारों, स्वतंत्रता और गरिमा की रक्षा करना है।
संविधान की मूल भावना यह है कि समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति को भी समान मानवीय गरिमा और अवसर प्राप्त हों। किसी व्यक्ति की शारीरिक अक्षमता, सामाजिक स्थिति या आर्थिक कमजोरी उसके अधिकारों को कम नहीं कर सकती। समानता का अर्थ केवल सभी को एक जैसा मान लेना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि जो व्यक्ति ऐतिहासिक और सामाजिक कारणों से पीछे रह गया है, उसे आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें।
देश के कमजोर से कमजोर व्यक्ति को यह महसूस होना चाहिए कि शासन और प्रशासन उसकी चिंता करते हैं। यही संविधान की सामाजिक न्याय की भावना है। इसी उद्देश्य से सरकारी नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण जैसी व्यवस्थाएँ की गई हैं।
लेकिन आरक्षण के विषय में भी अक्सर लोगों को गुमराह किया जाता है। कतिपय उच्च जातियों द्वारा यह प्रचारित किया जाता है कि आरक्षण केवल दस वर्षों के लिए था। जबकि वास्तविकता यह है कि संविधान में शिक्षा और सरकारी नौकरियों में आरक्षण की कोई ऐसी दस वर्षीय समय-सीमा निर्धारित नहीं की गई थी।
हाँ, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए संसद तथा विधानसभाओं में राजनीतिक आरक्षण की प्रारंभिक अवधि दस वर्ष निर्धारित की गई थी, जिसे समय-समय पर बढ़ाया जाता रहा है।
इस राजनीतिक आरक्षण की प्रभावशीलता पर भी गंभीर चर्चा होनी चाहिए। केवल प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ जाना पर्याप्त नहीं है। जरूरी यह है कि वे अपने समुदायों के अधिकारों, समस्याओं और हितों के प्रति कितने जवाबदेह हैं। यदि प्रतिनिधि अपने समुदाय की अपेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं करते, तो प्रतिनिधित्व का वास्तविक उद्देश्य कमजोर पड़ जाता है। उनकी निष्ठा अपने समुदाय के प्रति होनी चाहिए, न कि केवल किसी राजनीतिक दल के प्रति।
संविधान एक लचीला दस्तावेज है। इसमें समय और परिस्थितियों के अनुसार संशोधन करने का प्रावधान भी है। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि संशोधन के नाम पर संविधान की मूल भावना के साथ छेड़छाड़ की जाए।
नायक-पूजा और लोकतंत्र के खतरे
डॉ. आंबेडकर कहते हैं—
जॉन स्टुअर्ट मिल की चेतावनी को ध्यान में रखना चाहिए, जो उन्होंने उन लोगों को दी है जिन्हें प्रजातंत्र को बनाए रखने में दिलचस्पी है। अर्थात् अपनी स्वतंत्रता को किसी महानायक के चरणों में भी समर्पित न करें या उस पर विश्वास करके उसे इतनी शक्तियाँ प्रदान न कर दें कि वह संस्थाओं को नष्ट करने में समर्थ हो जाए।
उन महान व्यक्तियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने में कुछ गलत नहीं है, जिन्होंने जीवनपर्यंत देश की सेवा की हो। परंतु कृतज्ञता की भी कुछ सीमाएँ हैं। जैसा कि आयरिश देशभक्त डेनियल ओ’कॉनेल ने खूब कहा है, कोई पुरुष अपने सम्मान की कीमत पर कृतज्ञ नहीं हो सकता, कोई महिला अपने सतीत्व की कीमत पर कृतज्ञ नहीं हो सकती और कोई राष्ट्र अपनी स्वतंत्रता की कीमत पर कृतज्ञ नहीं हो सकता।
यह सावधानी किसी अन्य देश के मुकाबले भारत के मामले में अधिक आवश्यक है, क्योंकि भारत में भक्ति या नायक-पूजा उसकी राजनीति में जो भूमिका अदा करती है, उस भूमिका के परिणाम के मामले में दुनिया का कोई देश भारत की बराबरी नहीं कर सकता। धर्म के क्षेत्र में भक्ति आत्मा की मुक्ति का मार्ग हो सकती है, परंतु राजनीति में भक्ति या नायक-पूजा पतन और अंततः तानाशाही का सीधा रास्ता है।
(संविधान सभा के समापन भाषण से)
डॉ. आंबेडकर की यह चेतावनी आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। किसी नेता, व्यक्ति या राजनीतिक दल के प्रति अंधभक्ति लोकतंत्र के लिए खतरनाक हो सकती है। लोकतंत्र में व्यक्ति से अधिक महत्वपूर्ण संस्थाएँ, संविधान और नागरिकों के अधिकार होते हैं।
राजनीतिक लोकतंत्र से आगे बढ़कर सामाजिक लोकतंत्र जरूरी है
डॉ. आंबेडकर का मानना था कि हमें केवल राजनीतिक लोकतंत्र से संतुष्ट नहीं होना चाहिए। हमें अपने राजनीतिक लोकतंत्र को सामाजिक लोकतंत्र में भी बदलना होगा।
वे कहते हैं—
हमें मात्र राजनीतिक प्रजातंत्र पर संतोष नहीं करना चाहिए। हमें अपने राजनीतिक प्रजातंत्र को एक सामाजिक प्रजातंत्र भी बनाना चाहिए। जब तक उसे सामाजिक प्रजातंत्र का आधार न मिले, राजनीतिक प्रजातंत्र चल नहीं सकता। सामाजिक प्रजातंत्र का अर्थ क्या है? वह एक ऐसी जीवन-पद्धति है, जो स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को जीवन के सिद्धांतों के रूप में स्वीकार करती है।
(संविधान सभा के समापन भाषण से)
डॉ. आंबेडकर के अनुसार सामाजिक लोकतंत्र इसलिए अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि सामाजिक लोकतंत्र स्थापित होने के बाद ही राजनीतिक लोकतंत्र स्थायी हो सकता है।
सामाजिक लोकतंत्र का अर्थ है कि बहन को भाई के बराबर अधिकार मिले। पत्नी को पति के बराबर दर्जा प्राप्त हो। एक समाज दूसरे समाज के बराबर सम्मान पाए। एक जाति को दूसरी जाति से कमतर न समझा जाए। स्त्री और पुरुष के बीच समानता हो तथा प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिले।
जब तक समाज में इस प्रकार की समानता स्थापित नहीं होती, तब तक वास्तविक सामाजिक लोकतंत्र की कल्पना अधूरी रहेगी।
यदि हम राजनीतिक लोकतंत्र के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अपने समाज और परिवार में ही सामाजिक लोकतंत्र स्थापित करने से कतरा रहे हैं, तो यह संविधान के साथ छल है। संविधान केवल राजनीतिक समानता की बात नहीं करता, बल्कि सामाजिक समानता और मानवीय गरिमा को भी महत्व देता है।
भारत को खतरा बाहर से अधिक भीतर से है
अक्सर यह प्रचारित किया जाता है कि भारत को विदेशी शक्तियों से खतरा है। लेकिन डॉ. आंबेडकर ने अपने ऐतिहासिक विश्लेषण में इस बात पर चिंता व्यक्त की थी कि भारत को अपने भीतर मौजूद विश्वासघात और विभाजनकारी प्रवृत्तियों से भी खतरा रहा है।
वे कहते हैं—
यह तथ्य मुझे और भी व्यथित करता है कि न केवल भारत ने पहले एक बार स्वतंत्रता खोई है, बल्कि अपने ही कुछ लोगों के विश्वासघात के कारण ऐसा हुआ है।
सिंध पर हुए मुहम्मद-बिन-कासिम के हमले से राजा दाहिर के सैन्य अधिकारियों ने मुहम्मद-बिन-कासिम के दलालों से रिश्वत लेकर अपने राजा के पक्ष में लड़ने से इनकार कर दिया था। वह जयचंद ही था, जिसने भारत पर हमला करने एवं पृथ्वीराज से लड़ने के लिए मुहम्मद गोरी को आमंत्रित किया था और उसे अपनी व सोलंकी राजाओं को मदद का आश्वासन दिया था। जब शिवाजी हिंदुओं की मुक्ति के लिए लड़ रहे थे, तब कोई मराठा सरदार और राजपूत राजा मुगल शहंशाह की ओर से लड़ रहे थे।
जब ब्रिटिश सिख शासकों को समाप्त करने की कोशिश कर रहे थे, तो उनका मुख्य सेनापति गुलाबसिंह चुप बैठा रहा और उसने सिख राज्य को बचाने में उनकी सहायता नहीं की। सन् 1857 में जब भारत के एक बड़े भाग में ब्रिटिश शासन के खिलाफ स्वातंत्र्य युद्ध की घोषणा की गई थी, तब सिख इन घटनाओं को मूक दर्शकों की तरह खड़े देखते रहे।
(संविधान सभा के समापन भाषण से)
डॉ. आंबेडकर की इस चिंता को वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों से जोड़कर भी समझा जा सकता है।
आज अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के बीच भी आपसी भेदभाव मौजूद है। अन्य पिछड़ा वर्ग में भी अनेक जातियाँ एक-दूसरे के साथ समानता का व्यवहार नहीं करतीं। अल्पसंख्यक समुदायों के भीतर भी विभाजन और भेदभाव दिखाई देते हैं।
जब तक हम इन आंतरिक विभाजनों को समाप्त नहीं करेंगे, तब तक व्यापक सामाजिक एकता स्थापित नहीं हो सकेगी। वंचित समुदायों के बीच आपसी भेदभाव उनकी सामूहिक शक्ति को कमजोर करता है।
डॉ. आंबेडकर की चेतावनी का एक महत्वपूर्ण संदेश यह भी है कि किसी समाज की एकता और लोकतांत्रिक चेतना के लिए बाहरी खतरों के साथ-साथ आंतरिक कमजोरियों को पहचानना भी आवश्यक है।
संविधान किसके लिए है?
आज हम देखते हैं कि कमजोर व्यक्ति के घर तोड़ दिए जाते हैं। कहीं घरों में आग लगा दी जाती है। कहीं शासन और प्रशासन पर बलात्कार के आरोपियों को बचाने के आरोप लगते हैं। न्याय मिलने में वर्षों लग जाते हैं और न्यायिक प्रक्रिया भी कई बार पीड़ितों के लिए कठिन हो जाती है।
कहीं ईमानदार न्यायाधीशों की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं। वंचित समुदायों की महिलाएँ लगातार हिंसा और शोषण का सामना करती हैं। दलितों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता है। उन्हें अपमानित किया जाता है, पीटा जाता है और कई बार उनकी हत्या तक कर दी जाती है। अल्पसंख्यक समुदायों के लोगों को भीड़ की हिंसा (Mob Lynching) का शिकार होना पड़ता है।
जब देश में इस तरह की घटनाएँ होती हैं, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर संविधान किसके लिए बनाया गया था?
जिन पीड़ितों और वंचितों की सुरक्षा के लिए संविधान में मौलिक अधिकारों और कानूनी संरक्षण की व्यवस्था की गई थी, क्या वे वास्तव में उन अधिकारों का लाभ प्राप्त कर पा रहे हैं?
कई मामलों में ऐसा प्रतीत होता है कि संवैधानिक व्यवस्था का लाभ उन लोगों तक अधिक आसानी से पहुँचता है, जिनके पास सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक शक्ति है। दूसरी ओर, कमजोर समुदायों को न्याय और सुरक्षा प्राप्त करने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ता है।
यह संविधान की मूल भावना की समस्या नहीं, बल्कि उसके क्रियान्वयन और संस्थागत जवाबदेही का गंभीर प्रश्न है।
डॉ. आंबेडकर का स्पष्ट मानना था कि संविधान कितना भी अच्छा क्यों न हो, उसकी सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि उसे लागू करने वाले लोग कैसे हैं। यदि संविधान को लागू करने वाले लोग अच्छे हैं, तो अच्छा परिणाम प्राप्त हो सकता है। लेकिन यदि उसे लागू करने वाले लोग ही गलत नीयत रखते हैं, तो अच्छा संविधान भी अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाएगा।
इसलिए संविधान को उसकी मूल भावना के अनुरूप लागू करना बेहद जरूरी है।
संविधान हमारे खून में बस जाना चाहिए
संविधान हमारे खून में बस जाना चाहिए। मेरे खून में, आपके खून में और पूरे देश के खून में संविधान की भावना समाहित होनी चाहिए।
मैं ऐसा क्यों कह रहा हूँ, इसे एक उदाहरण से समझिए।
कलकत्ता हाईकोर्ट से संबंधित एक प्रकरण सामने आया था, जिसमें एक दलित याचिकाकर्ता ने मानहानि के संबंध में न्याय की गुहार लगाई थी। आरोप है कि न्यायालय ने यह कहते हुए उसका निवेदन अस्वीकार कर दिया कि जब दलित का कोई मान ही नहीं होता, तो मानहानि कैसी?
इसी प्रकार दलित डॉ. कुट्टप्पन ने एक राजनीतिक सभा में अपने प्रतिद्वंद्वी द्वारा जातिसूचक और अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के विरुद्ध तलश्शेरी के विशेष न्यायाधीश के समक्ष अपनी बात रखी थी। बाद में केरल हाईकोर्ट ने निर्णय दिया कि मामला नहीं बनता, क्योंकि संबंधित धारा में मूल रूप से ‘सार्वजनिक स्थान’ की बात नहीं, बल्कि ‘सबके सामने’ की बात कही गई है। इसका अर्थ यह निकाला गया कि जनता के सामने किसी व्यक्ति का अपमान हुआ हो और उसके लिए पीड़ित का वहाँ उपस्थित रहना आवश्यक है।
अब सवाल यह है कि संविधान के रहते हुए किसी न्यायिक व्याख्या में यह धारणा कैसे स्थान पा सकती है कि दलित व्यक्ति का मान-सम्मान ही नहीं होता?
दरअसल, हमारे समाज में सदियों से चली आ रही जातिगत मानसिकता और भेदभावपूर्ण विचारधारा इतनी गहराई तक बैठी हुई है कि उसका प्रभाव कभी-कभी न्यायिक सोच और सामाजिक व्यवहार में भी दिखाई देने लगता है।
एक पिता या भाई अपनी बेटी अथवा बहन को संपत्ति में बराबर का अधिकार देने से क्यों कतराता है? पति की संपत्ति में पत्नी के अधिकार को लेकर समाज में तरह-तरह की धारणाएँ क्यों बनी हुई हैं? ये प्रवृत्तियाँ अचानक पैदा नहीं हुई हैं। इनके पीछे सदियों से विकसित सामाजिक मान्यताएँ और भेदभावपूर्ण विचारधाराएँ काम करती रही हैं।
हमारे समाज की मानसिकता में कहीं न कहीं मनुवादी विचारों और जातिगत श्रेष्ठता की धारणाओं का प्रभाव आज भी मौजूद है। इसलिए केवल संविधान की किताब पढ़ लेना पर्याप्त नहीं है। हमें अपने सामाजिक व्यवहार, पारिवारिक संबंधों और संस्थागत सोच में भी संवैधानिक मूल्यों को स्थान देना होगा।
इसीलिए मैं बार-बार कहता हूँ कि संविधान हमारे देश के रोम-रोम में बसना चाहिए। उसकी भावना हमारे खून में घुल जानी चाहिए। जब तक स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय हमारे सामाजिक व्यवहार का हिस्सा नहीं बनेंगे, तब तक भारत में वास्तविक लोकतंत्र स्थापित नहीं हो सकेगासंविधान केवल पढ़ने की चीज नहीं है, उसे समझना, जीना और लागू करना भी जरूरी है। यही सामाजिक न्याय का रास्ता है और यही एक वास्तविक लोकतांत्रिक भारत की नींव है।






Leave a Comment